
IND vs AUS: पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए सबका दिल जीत लिया। तीसरे दिन जायसवाल ने अपने बल्ले की खामोशी को तोड़ते हुए अपने करियर का चौथा टेस्ट शतक जमाया। 205 गेंदों पर 101 रनों की नायाब पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी इस पारी ने भारत को मुश्किल हालात से उबरने में मदद की।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर कहर
यशस्वी ने अपनी पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ये उनका ऑस्ट्रेलिया में पहला शतक है, और इसे पर्थ की चुनौतीपूर्ण पिच पर बनाना उनकी काबिलियत को दिखाता है। उन्होंने कंगारू गेंदबाजों की खूब परीक्षा ली और साबित किया कि वह एक वर्ल्ड-क्लास ओपनर हैं। यह उनका पहला शतक है जो SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में आया है।
What a way to bring up the ton! #AUSvIND | #MilestoneMoment | @nrmainsurance pic.twitter.com/okMDAno5tE
— cricket.com.au (@cricketcomau) November 24, 2024
भारत के संकटमोचक
पहली पारी में भारत महज़ 150 रनों पर सिमट गया था, लेकिन जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को 104 रन पर आउट कर दिया। दूसरी पारी में, टीम को बड़े स्कोर की ज़रूरत थी, और यशस्वी ने ये जिम्मेदारी बखूबी निभाई। केएल राहुल के साथ उनकी 201 रनों की साझेदारी ने भारत को मज़बूत स्थिति में ला खड़ा किया। केएल राहुल ने भी 176 गेंदों में 77 रनों की अहम पारी खेली।
जायसवाल का रिकॉर्ड और दमदार प्रदर्शन
यशस्वी का यह पारी उनकी निरंतरता और क्लास को दिखाता है। उन्होंने अब तक 15 टेस्ट मैचों में 58.35 की औसत से 1517 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक, 8 अर्धशतक, और 2 दोहरे शतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214 रन है। इस शतक के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।
यशस्वी जायसवाल ने इस पारी से यह साबित कर दिया कि वह बड़े मौकों के खिलाड़ी हैं। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ पर्थ टेस्ट बल्कि उनके करियर के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा।