
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों की सूची तैयार करने के लिए शुक्रवार को पांच स्क्रीनिंग समितियों का गठन किया.
पार्टी ने इसके लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पांच समूहों में विभाजित किया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्क्रीनिंग समितियों का गठन किया. तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और पुदुचेरी वाले क्लस्टर में हरीश चौधरी को स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि जिग्नेश मेवाणी और विश्वजीत कदम इसके सदस्य हैं. आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए मधुसूदन मिस्त्रत्त्ी को समिति का प्रमुख बनाया गया.
सूरज हेगड़े और शफी परम्बिल इसके सदस्य होंगे. गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, दमन-दीव और दादरा और नगर हवेली के लिए रजनी पाटिल को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कृष्णा अल्लावुरु और परगट सिंह इसके सदस्य हैं. भक्त चरण दास को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख वाले क्लस्टर के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
इस समिति में पार्टी नेता नीरज दांगी और यशोमति ठाकुर को सदस्य नियुक्त किया गया है. पंजाब से पार्टी नेता राणा केपी सिंह को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस पैनल में जयवर्धन सिंह और इवान डिसूजा को सदस्य नियुक्त किया गया है.
अलका लांबा महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष
कांग्रेस ने शुक्रवार को नेटा डिसूजा की जगह दिल्ली की पूर्व विधायक अलका लांबा को अपनी महिला शाखा का अध्यक्ष नियुक्त किया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वरुण चौधरी को पार्टी की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) का प्रमुख बनाया. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं लांबा को पिछले वर्ष कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में विशेष आमंत्रित के रूप में नामित किया गया था.