
Cloudburst In Tehri: बीते रात को उत्तराखंड के टिहरी में भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में बादल फटने की घटना से एक ही परिवार के लोगो पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा जिसमे एक पति पत्नी की जान चली गई और उनका एक बेटा घायल हो गया।बारिश और भूस्खलन ने विध्वंशक तबाही मचाई है,उसी का जायजा लेने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार नौताड़ तोक में एक होटल भारी बारिश के चलते बह गया। इस घटना से होटल स्वामी भानु प्रसाद(50), उनकी पत्नी नीलम देवी(45) व पुत्र विपिन(28) लापता हो गए थे। रेस्क्यू अभियान चलाया गया तो घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर भानु और उनकी पत्नी नीलम का शव बरामद हुआ है। वहीं, लापता युवक विपिन घायल अवस्था में मिले।
पीड़ित परिवार से सीएम धामी ने की फोन पर बात (Cloudburst In Tehri)
नौताड़ तोक में बादल फटने के चलते हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जखन्याली ग्राम पंचायत की प्रधान के पति दीपक श्रीयाल से कॉल के जरिए से बातचीत की।घटना में जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रति मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। साथ ही ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सीएम ने आगे कहा की वे अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही स्थिति को सामान्य करने के लिए कहेंगे। ग्राम प्रधान के पति दीपक ने मुख्यमंत्री से नौताड़ तोक में निवासरत सभी 14 परिवारों का पुनर्वास करने की गुहार भी लगाई है।