
Helena Luke Passsed Away: दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है,उनकी पहली पत्नी हेलेना ल्यूक का निधन हो गया है। बीते दिनों उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।
80-90 के दशक के फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर नाम मिथुन चक्रवर्ती के बारे में बहुत से लोगों को यह नहीं पता कि उनकी पहली पत्नी योगिता बाली नहीं, बल्कि हेलेना ल्यूक(Helena Luke) थीं। हेलेना एक समय की चर्चित अभिनेत्री थीं, जिन्होंने अमिताभ बच्चन की हिट फिल्म ‘मर्द’ में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन इसके बाद, उन्होंने सिनेमा की दुनिया से दूर होकर एक फ्लाइट अटेंडेंट बनने का निर्णय लिया।
हाल ही में, दुखद समाचार आया है कि हेलेना ल्यूक का निधन हो गया है। यह खबर मशहूर डांसर और अभिनेत्री कल्पना अय्यर ने सोशल मीडिया पर साझा की। उनका निधन 3 नवंबर, 2024 को हुआ। कहा जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से बीमार थीं, लेकिन उन्होंने डॉक्टर को नहीं दिखाया।
Helena Luke को ‘मर्द’ में ब्रिटिश रानी के रूप में दर्शकों ने देखा था, और इसी भूमिका ने उन्हें खासी पहचान दिलाई थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मिथुन और हेलेना की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी? जब मिथुन का रिश्ता एक्ट्रेस सारिका से खत्म हुआ, तब उनकी मुलाकात हेलेना से हुई। यह पहली नजर का प्यार था, जिसने उन्हें 1979 में शादी के बंधन में बांध दिया।
लेकिन, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला। एक पुराने इंटरव्यू में, हेलेना ने इस शादी को अपनी सबसे बड़ी गलती माना। उन्होंने कहा कि चार महीने की शादी उनके लिए एक बुरा सपना साबित हुआ। तलाक के बाद, उन्होंने मिथुन से किसी भी तरह का गुजारा भत्ता मांगने की जरूरत महसूस नहीं की, यह कहते हुए कि मिथुन को उनसे कभी सच्चा प्यार नहीं था।
हेलेना ल्यूक की फिल्मी करियर की बात करें, तो उन्होंने ‘आओ प्यार करें’, ‘दो गुलाब’, और ‘साथ साथ’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है।