
Neha Singh Rathore: दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हैं, और पूर्वांचली वोटर्स को अपनी ओर खींचने के लिए हर पार्टी खास रणनीतियां अपना रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। AAP बीजेपी पर पूर्वांचली समुदाय को बांग्लादेशी कहने और उनके वोट काटने का आरोप लगा रही है, वहीं बीजेपी AAP को पूर्वांचलियों के बीच अव्यवस्थाओं का जिम्मेदार मान रही है।
इस बीच, पूर्वांचली लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने ‘दिल्ली में का बा’ नामक गीत के जरिए अरविंद केजरीवाल की सरकार पर हमला किया है। इस वीडियो को कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से भी शेयर किया गया है, जिससे इस गीत का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।
नेहा सिंह राठौर ने गाया ‘दिल्ली में का बा’
नेहा सिंह राठौर के इस गीत की शुरुआत में ही उन्होंने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में ‘झाड़ू की सरकार’ है और ‘दारू का कारोबार’ चलता है। उनका आरोप है कि महाघोटाले में पूरा मंत्रीमंडल गिरफ्तार हो चुका है, और 2014 से 2024 तक लोकपाल बिल लाने की बात सिर्फ एक वादा बनकर रह गई है। उन्होंने कहा, “चौकीदार की तरह ये भी रंगा सियार हैं।” इस लोकगीत में शीश महल मुद्दे का भी जिक्र किया गया, जिसमें कहा गया कि “शीशमहल में करोड़ों का पर्दा है और सोने की टॉयलेट सीट है,” यह दर्शाने के लिए कि सत्ता में आने के बाद नेता आम आदमी से एलीट वर्ग में बदल गए हैं।
यमुना प्रदूषण और पूर्वांचली मुद्दे पर भी सवाल
नेहा सिंह राठौर ने यमुना नदी के प्रदूषण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “यमुना जी में सीधा गंदे नाले का पानी जाता है, छठ मनाना भी मुश्किल हो गया है, ये मफलर वाले का दोष है।” उनका आरोप है कि सरकार ने पूर्वांचलियों के वोटों से सत्ता हासिल की, लेकिन अब तक उनके इलाके गंदे और बदबूदार हैं। उन्होंने दिल्ली की बिगड़ी कानून-व्यवस्था और बढ़ती अपराध दर पर भी चिंता जताई, और कहा कि दिल्ली अब ‘रेप कैपिटल’ बन चुकी है।
दिल्ली में का बा? pic.twitter.com/Kx13HZirxk
— Congress (@INCIndia) January 23, 2025
नेहा सिंह राठौर: बिहार की लोकगायिका
नेहा सिंह राठौर बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली हैं और एक लोकगायिका के रूप में प्रसिद्ध हैं। वह अक्सर राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर अपनी आवाज उठाती हैं। ‘दिल्ली में का बा’ से पहले उन्होंने ‘यूपी में का बा’ और ‘बिहार में का बा’ जैसे गीत गाए थे, जिनमें उन्होंने राज्य सरकारों की खामियों पर तीखा हमला किया था।