
दिल्ली चुनाव एग्जिट पोल परिणाम 2025 अपडेट: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार (5 फ़रवरी) को वोटिंग समाप्त हो गई। इस बार दिल्ली में 60.44% मतदान हुआ। कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल के आंकड़े पेश किए हैं।
बीजेपी को मिल सकती है बढ़त
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी को 45 से 55 सीटें मिल सकती हैं और उनका वोट शेयर 48% रह सकता है। वहीं आम आदमी पार्टी को 15 से 25 सीटें मिल सकती हैं, और उनका वोट शेयर 42% के आस-पास हो सकता है। कांग्रेस को शून्य से एक सीट और उनका वोट शेयर 7% रह सकता है। अन्य को भी शून्य से एक सीट और उनका वोट शेयर 3% हो सकता है।
दिल्ली में बीजेपी का राज?
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। बीजेपी को 70 विधानसभा सीटों में से 50 सीटें मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को केवल 20 सीटें मिल रही हैं, जबकि कांग्रेस का खाता नहीं खुल रहा है।
महिलाओं का समर्थन
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में यह भी कहा गया है कि 46% महिलाओं ने बीजेपी को वोट दिया है, जबकि 44% महिलाओं ने आम आदमी पार्टी को वोट किया। 50% पुरुषों ने बीजेपी को और 40% पुरुषों ने आम आदमी पार्टी को वोट दिया। कांग्रेस को 7% पुरुषों और 7% महिलाओं ने वोट दिया, जबकि अन्य को 3% पुरुषों और 3% महिलाओं ने वोट दिया।