![अभिषेक शर्मा का धमाल: 28 गेंदों में शतक जड़, कर दिए बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त 1 अभिषेक शर्मा का धमाल: 28 गेंदों में शतक जड़, कर दिए बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त](https://i0.wp.com/www.aamaadmi.in/wp-content/uploads/2024/12/process-aws.webp?resize=780%2C440&ssl=1)
टीम इंडिया के युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड बुक्स ही बदल गई। पंजाब के लिए खेलते हुए अभिषेक ने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर तहलका मचा दिया। उनकी 106 रनों की नाबाद पारी ने पंजाब को महज 10 ओवर में जीत दिलाई। इस दौरान उन्होंने चौकों और छक्कों की ऐसी बारिश की कि टी20 के बेस्ट बैटर सूर्यकुमार यादव का भी एक महारिकॉर्ड टूट गया।
अभिषेक का तूफानी शतक: पंजाब ने सिर्फ 10 ओवर में जीता मैच
पहले बल्लेबाजी करते हुए मेघालय की टीम पंजाब की सटीक गेंदबाजी के सामने सिर्फ 142 रन ही बना पाई। जवाब में ओपनिंग करते हुए अभिषेक शर्मा ने पहली ही गेंद से आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने 11 छक्कों और 8 चौकों की मदद से महज 29 गेंदों में नाबाद 106 रन ठोक दिए। उनकी पारी ने पंजाब को 9.3 ओवर में 144 रन बनाकर आसान जीत दिला दी।
सबसे तेज टी20 शतक की बराबरी
अभिषेक शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 28 गेंदों में शतक बनाकर भारतीय खिलाड़ियों में सबसे तेज टी20 शतक की बराबरी की। इससे पहले गुजरात के उर्विल पटेल ने भी त्रिपुरा के खिलाफ 28 गेंदों में शतक बनाया था। हालांकि, ये दोनों खिलाड़ी साहिल चौहान से थोड़ा पीछे हैं, जिन्होंने 27 गेंदों में टी20 क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाया था।
सबसे तेज टी20 शतक (गेंदों के हिसाब से)
27 गेंदें – साहिल चौहान (एस्टोनिया vs साइप्रस, 2024)
28 गेंदें – अभिषेक शर्मा (पंजाब vs मेघालय, 2024)
28 गेंदें – उर्विल पटेल (गुजरात vs त्रिपुरा, 2024)
30 गेंदें – क्रिस गेल (RCB vs पुणे वॉरियर्स, 2013)
32 गेंदें – ऋषभ पंत (दिल्ली vs हिमाचल प्रदेश, 2018)
सूर्यकुमार यादव का महारिकॉर्ड टूटा
अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी में 10वां छक्का लगाते ही एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे अब एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 2022 में 85 छक्के लगाए थे। अभिषेक अब 2024 में 87 छक्के जड़ चुके हैं और साल खत्म होने में अभी समय बाकी है।
एक साल में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा सबसे ज्यादा टी20 छक्के
87 छक्के – अभिषेक शर्मा (2024)*
85 छक्के – सूर्यकुमार यादव (2022)
71 छक्के – सूर्यकुमार यादव (2023)
अभिषेक की इस तूफानी पारी ने न सिर्फ उनकी काबिलियत का सबूत दिया, बल्कि उन्हें भारत के अगले टी20 सुपरस्टार के रूप में भी पेश कर दिया।