
झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिपरिषद गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रांची में राजभवन में मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। राजभवन के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह दोपहर करीब 12 बजे प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी के शपथ लेने के साथ शुरू होगा। झामुमो के वरिष्ठ विधायक मरांडी को 28 नवंबर को सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया था। मरांडी के शपथ लेने के बाद कई विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने पुष्टि की कि सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है और सोरेन इसे राज्यपाल को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि हर चीज को अंतिम रूप दे दिया गया है। सूची को मुख्यमंत्री राज्यपाल को भेजेंगे। यह गठबंधन सरकार है। हमने मिलकर चुनाव लड़ा है। लोगों ने हमें चुना है और हम राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।
किसे-कितने मंत्री पद?
इस बीच मंत्रिपरिषद में नियुक्ति को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं। इसकी मानें तो कांग्रेस को चार मंत्री पद मिलने की उम्मीद है। पार्टी विधायक इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, राधाकृष्ण किशोर और शिल्पी नेहा तिर्की मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। ऐसे ही विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार छह में से चार सीटों पर जीते हैं, लेकिन उन्हें एक मंत्री ही पद मिलेगा। 2019 में राजद केवल चतरा सीट ही जीत पाई थी, जहां सत्यानंद भोक्ता ने जीत दर्ज की थी। बाकी पांच मंत्री पद झारखंड मुक्ति मोर्चा को मिलेंगे।