
राजधानी में प्रदूषण के साथ अब कोहरे का डबल अटैक होगा। मौसम विभाग ने रविवार सुबह घना कोहरा व स्मॉग छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विभाग ने वाहन चालकों से सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।
दिल्ली के आसमान में छाई धुंध
रविवार सुबह मयूर विहार और आस-पास के इलाकों से ड्रोन से फुटेज ली गई। अभी भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार पटपड़गंज का एक्यूआई 439 है, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा गया है। नेहरू प्लेस और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई हुई है और राष्ट्रीय राजधानी में एक्यूआई अब भी गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।
उधर, शनिवार को पालम हवाई अड्डे पर हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह सात बजे दृश्यता सबसे कम 500 मीटर दर्ज की गई। उसके बाद दोपहर एक बजे 1500 मीटर हो गई। सफदरजंग हवाई अड्डे पर सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई। दोपहर एक बजे 800 मीटर हो गई। मौसम बदलाव के चलते हवा एक बार फिर से शनिवार को गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। सुबह से लेकर रात तक स्मॉग की चादर छाई रही। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही हल्का स्मॉग छंटने लगा। इससे लोगों को सांस लेने के साथ आंखों में जलन महसूस हुई।