
संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है, और इस बार यह सत्र कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विधेयकों से भरा होगा। सबसे पहले, आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। इसके बाद, लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें होंगी, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी और फिर 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश किया जाएगा। यह बजट सत्र 4 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें कई अहम विधेयक पेश हो सकते हैं।
सर्वदलीय बैठक से शुरुआत
बजट सत्र की शुरुआत से पहले, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सभी दलों से संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपील की गई। हालांकि, विपक्षी दलों ने अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग की। समाजवादी पार्टी ने महाकुंभ हादसे पर चर्चा की और पारदर्शिता के साथ जांच की मांग की, जबकि कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्ष सभी मुद्दों को संसद में उठाएगा।
सरकार पेश कर सकती है 16 महत्वपूर्ण विधेयक
इस बजट सत्र में केवल बजट ही नहीं, बल्कि सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश कर सकती है। इनमें से कुछ प्रमुख विधेयक हैं:
- वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024
- मुसलमान वक्फ (रिपील) विधेयक, 2024
- बैंकिंग (संशोधन) विधेयक, 2024
- रेलवे (संशोधन) विधेयक, 2024
- आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024
- वित्त विधेयक, 2025
- विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक, 2025
- “त्रिभुवन” सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक, 2025
- आप्रवासन और विदेशी विधेयक, 2025
- बिल ऑफ लैडिंग विधेयक, 2024
- तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक, 2024
- बॉयलर बिल, 2024
- समुद्र द्वारा माल की ढुलाई विधेयक, 2024
- तटीय नौवहन विधेयक, 2024
- मर्चेंट शिपिंग बिल, 2024
- गोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SC/ST के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन बिल, 2024
बजट सत्र के दो चरण
संसद का बजट सत्र दो चरणों में होगा। पहले चरण की शुरुआत 1 फरवरी से हो रही है, जब बजट पेश किया जाएगा। यह चरण 13 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक जारी रहेगा।